Guva power cut : गुवा में आंधी से टूटी बिजली लाइन, रातभर अंधेरा; सुबह पानी संकट से लोग परेशान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guva : बुधवार देर रात आई तेज आंधी ने गुवा बाजार क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी के कारण बिजली का तार टूट गया, जिससे पूरे इलाके में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बिजली गुल रहने का असर गुरुवार सुबह से सेल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर भी पड़ा, जिसके चलते पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। पानी आपूर्ति बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।



पानी की किल्लत के बीच लोग हर घर जल योजना के तहत संचालित सोलर आधारित जलमीनार पर निर्भर नजर आए, जहां सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक पानी बंद होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक कठिनाई झेलनी पड़ी।

इस संबंध में सेल के एक अधिकारी ने बताया कि बिजली बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और उम्मीद है कि शाम तक पानी की आपूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी।

बिजली और पानी संकट से जूझ रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.