Jamshedpur : गुवा के रामनगर स्थित दुर्गा मंडप में शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन महिलाओं ने मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा को लेकर दुर्गा मंडप में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
सुबह से ही दुर्गा मंडप में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ कर मां का आशीर्वाद लिया। नवरात्र को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां चंद्रघंटा की आराधना से साहस, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ महिलाएं नवरात्र के दौरान नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर रही हैं।
सप्तमी से महानवमी तक विशेष पूजा-अर्चना
दुर्गा मंडप के पुजारी मलय पाणिग्राही ने बताया कि आगामी 17 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मां सप्तमी की पूजा शुरू होगी। इसके बाद 18 अक्टूबर, रविवार को सुबह सात बजे से महाअष्टमी की पूजा-अर्चना की जाएगी। वहीं, 19 अक्टूबर को सुबह छह बजे से महानवमी की पूजा प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि महानवमी के अवसर पर नौ कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया जाएगा। उसी दिन दोपहर दो बजे से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, खीर और महाभोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
नवरात्र के अवसर पर रामनगर दुर्गा मंडप में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
















