Jamshedpur: सामाजिक सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे के एरिया मैनेजर से मुलाकात कर गोविंदपुर रेलवे क्षेत्र में बसे बस्तीवासियों को काली पूजा तक बेदखल नहीं करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गोविंदपुर थाना के समीप रेलवे की जमीन पर आदिवासी-मूलवासी परिवार पिछले लगभग 40 वर्षों से निवास कर रहे हैं और वहीं अपना जीवनयापन कर रहे हैं।
प्रतिनिधियों के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण के कारण रेलवे की ओर से बस्ती खाली करने का नोटिस दिया गया है। उन्होंने बरसात समाप्त होने और काली पूजा तक किसी भी प्रकार की बेदखली कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया।
सामाजिक सेवा संघ ने दावा किया कि एरिया मैनेजर ने काली पूजा तक बस्ती खाली नहीं कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही प्रतिनिधियों ने कहा कि वे जल्द ही जमशेदपुर के उपायुक्त से मुलाकात कर बस्तीवासियों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग करेंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष एवं झामुमो नेता राजेश सामंत, झारखंड आंदोलनकारी नेता राजकुमार सिंह, छोटे सरदार, शिवलाल लोहरा, जितेंद्र ठाकुर, रूपम सिंह, सुधांशु कुमार, राजू दास, उत्तम सिंह, नारायण यादव, रोहित ओझा, महेंद्र ठाकुर, प्रमोद ठाकुर और अजीत दास समेत अन्य लोग मौजूद थे।
















