Jamshedpur : गोलमुरी के केबुल टाउन स्थित न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी की ओर से आयोजित श्रीश्री दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर बुधवार को पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
अतिथियों ने पंडाल में लगे फीते को खोलकर विधिवत उद्घाटन किया। कमिटी की ओर से पारंपरिक ढाक और ताशा की गूंज के बीच अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
दुर्गा पूजा भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक : पूर्णिमा साहू
मुख्य अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा भारतीय संस्कृति, आस्था और समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने तथा समाज में साहस, शक्ति और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने पूजा कमिटी के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का प्रतीक है दुर्गा पूजा : दिनेश कुमार
भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। मां दुर्गा का आशीर्वाद हमें बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों के माध्यम से समाज में भक्ति, सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे पूजा कमिटी के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रज्वलित किए गए 50 दीप
इस अवसर पर पूजा कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने की खुशी में 50 अंक अंकित दीप प्रज्वलित किए गए। यह आयोजन कमिटी की लंबी परंपरा और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में समाजसेवी अखिलेश चौधरी और गोलमुरी भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कमिटी के अध्यक्ष विनय चौधरी, रोहित आनंद, महासचिव नरेंद्र कुमार, दीपांजन मुखर्जी, बीटी विश्वास, जसबीर सिंह और जयराम दास पात्र सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति से उद्घाटन समारोह उत्सवमय बना रहा। कमिटी की ओर से सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा महोत्सव एवं मां के जागरण में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई।
मां दुर्गा सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करें।















