घाटशिला उपचुनाव 2025 : नामांकन की अधिसूचना जारी, 21 अक्टूबर तक होगा नामांकन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले में 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि नामांकन की अधिसूचना जारी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी 13 से 21 अक्टूबर 2025 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अनुमंडल कार्यालय, घाटशिला से नामांकन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं और वहीं जमा भी कर सकते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी श्री सुनील चंद्र होंगे।

डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि उपचुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है और सभी एसओपी का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने ईवीएम पर उम्मीदवारों के रंगीन फोटो, नाम और क्रमांक को बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, जिससे मतदाताओं को सुविधा हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को शिक्षित एवं प्रेरित करने के लिए जागरूकता गतिविधियां चल रही हैं, जिससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (AMF) जैसे रैंप, व्हीलचेयर, पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए होम वोटिंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन ने सभी अंतरराज्यीय व अंतरजिला चेकनाकाओं पर निगरानी कड़ी कर दी है, ताकि अवैध मादक पदार्थ, शराब, नकद या उपहार के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही, सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफॉर्म पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें