कौशल प्रशिक्षण को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, जिला कौशल समिति की बैठक में दिए निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति, प्रशिक्षणार्थियों की स्थिति तथा प्रशिक्षण के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार से उनके जुड़ाव की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने युवाओं की रुचि, योग्यता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण केवल प्रमाण-पत्र देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए प्रभावी पहल की जानी चाहिए।

बैठक में विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के पाठ्यक्रम, प्रशिक्षणार्थियों की संख्या, उपस्थिति, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मूल्यांकन एवं प्लेसमेंट की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ केंद्रों पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं और पर्याप्त प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रखंड स्तर पर युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए प्रभावी मोबिलाइजेशन पर भी जोर दिया गया।

स्थानीय उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। वहीं स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को सरकारी योजनाओं, ऋण एवं वित्तीय सहायता से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की नियमित ट्रैकिंग करने तथा उनके रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ाव का अद्यतन डेटा तैयार रखने का निर्देश दिया।

बैठक में फ्यूचरिस्टिक जॉब रोल की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बदलती तकनीक एवं रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप नए क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कौशल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, आरसेटी, यूएनडीपी, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील सहित विभिन्न विभागों एवं कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.