Gamharia : गम्हरिया स्थित Newco Auto Private Limited में बुधवार सुबह चोरी की कोशिश करते एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। कंपनी के सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आधी रात के बाद कंपनी परिसर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। संदेह होने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी की पिटाई भी की। हालांकि इस संबंध में कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुबह होते ही गम्हरिया थाना की गश्ती टीम को बुलाकर आरोपी को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पकड़ा गया युवक इलाके में पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में थाने में पूर्व में शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।











