मानगो में बढ़े होल्डिंग टैक्स पर सियासी सरगर्मी, शाइस्ता परवीन ने प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो में प्रस्तावित होल्डिंग टैक्स वृद्धि को लेकर स्थानीय राजनीति गरमा गई है। पूर्व मेयर प्रत्याशी शाइस्ता परवीन उर्फ जेबा खान ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल पुनर्विचार की मांग की।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि वे बढ़ते टैक्स के बोझ को कम करने के लिए संघर्ष करेंगी। ऐसे में मानगो में होल्डिंग टैक्स बढ़ाने की खबरें आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।

उन्होंने मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र के निवासी पहले ही महंगाई, सीमित रोजगार अवसरों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में टैक्स बढ़ाना लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डालने जैसा है।

शाइस्ता परवीन ने प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील करते हुए कहा कि इस फैसले पर गंभीरता से विचार किया जाए और जनता को राहत देने के उपाय किए जाएँ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मानगो की जनता के हित उनके लिए सर्वोपरि हैं और वे आगे भी लोगों के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए आवाज़ उठाती रहेंगी।

प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने प्रशासन को आगाह किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज करना लोगों के भरोसे को कमजोर कर सकता है। ऐसे में जरूरी है कि फैसले संवेदनशीलता और जनता की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखकर लिए जाएँ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.