Adityapur : जिले के एसपी के निर्देश पर आरआईटी पुलिस ने अमित सरदार हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटकर रखा गया पत्थर बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु और मिलन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अमित सरदार की हत्या के बाद उसके शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था। मामले में मृतक की परिजन बेहुला देवी के आवेदन के आधार पर 25 जुलाई को आरआईटी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों तथा प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
अमित सरदार हत्याकांड के उद्भेदन में आरआईटी थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो, संजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार के अलावा आरक्षी उमाशंकर सिंह, हवलदार जॉनसन भेंगरा, आरक्षी सिदिऊ बुड़ीउली और बबलू बिरुली की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















