जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कृषि, उद्यान, मत्स्य, सहकारिता, बाजार समिति, भूमि संरक्षण, जेएलएलपीएस एवं पशुपालन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हाट-बाजारों से पिछले पांच वर्षों के राजस्व संग्रहण का अद्यतन डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि राजस्व वृद्धि की संभावनाओं का आकलन किया जा सके। पशुपालन विभाग को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत चयनित लाभुकों के बीच 10 दिनों के भीतर पशुधन वितरण, बीमा और त्वरित मुआवजा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

सहकारिता विभाग को लैम्पसों में संग्रहित धान का शीघ्र उठाव और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि विभाग को खरीफ सीजन के मद्देनजर बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रचार और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उद्यान विभाग को फल-सब्जी उत्पादन बढ़ाने, सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं को बढ़ावा देने और नर्सरी विकास में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग को जलाशयों का बेहतर उपयोग, मछली बीज वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को गति देने को कहा गया।

भूमि संरक्षण विभाग को जल संचयन एवं मिट्टी कटाव रोकने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। वहीं जेएलएलपीएस के तहत स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने, महिला समूहों की आय बढ़ाने और बैंक लिंकेज मजबूत करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग और साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखना चाहिए और किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










