Jamshedpur : समाहरणालय की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के लिए उपायुक्त Rajeev Ranjan ने विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, नजारत, डीआईओ, सामान्य शाखा, बाल संरक्षण इकाई और यूआईडी कार्यालय सहित कई विभागों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाए और सेवा वितरण को सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाए।

DC ने लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी नियमित समीक्षा कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
निरीक्षण के दौरान कर्मियों की उपस्थिति, समय पालन, कार्यालय की साफ-सफाई और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उपायुक्त ने बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय आने की सख्त हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि कार्यालय का वातावरण व्यवस्थित और कार्य के अनुकूल होना चाहिए। साथ ही सभी दस्तावेजों का अद्यतन और सुव्यवस्थित संधारण किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर अभिलेख तुरंत उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने साफ कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन, पारदर्शिता और दक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर अपर उपायुक्त सह निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, गोपनीय प्रभारी धनंजय, एनडीसी डेविड बलिहार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।










