GUWA : डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए छात्र परिषद के पदाधिकारियों का पदग्रहण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ।
समारोह के दौरान विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। हेड बॉय आशुतोष सिन्हा और हेड गर्ल अन्वेषा साहू सहित विभिन्न पदों पर चुने गए छात्र-छात्राओं को विद्यालय के अनुशासन, नेतृत्व और सेवा से जुड़े दायित्व सौंपे गए। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा-भाव और आदर्श आचरण का प्रतीक है। उन्होंने छात्र नेताओं से ईमानदारी, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डिप्टी हेड बॉय अंश गुप्ता, डिप्टी हेड गर्ल दक्ष मिश्रा, विभिन्न डिसिप्लिन, सांस्कृतिक एवं खेल कप्तानों के साथ-साथ दयानंद, अरविंदो, विवेकानंद और श्रद्धानंद हाउस के हाउस कैप्टनों ने भी पदभार ग्रहण किया।
समारोह के अंत में वरीय शिक्षक पी.के. आचार्या ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए छात्र परिषद के लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न चुनाव की सराहना की और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सीसीए इंचार्ज आकांक्षा सिंह, राजवीर सिंह, विकास मिश्रा, रंजना प्रसाद, पुष्पांजलि नायक सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















