आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 अंतर्गत आसंगी नीचे टोला में बुधवार को 1000 फीट लंबी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास पार्षद उत्तरा प्रधान ने किया। इस सड़क के निर्माण पर ₹12,73,047.07 की लागत आएगी। निर्माण कार्य का जिम्मा एन.एस. कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान निर्माण एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने भी गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया, ताकि सड़क का लाभ क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक मिल सके।
इस मौके पर पार्षद उत्तरा प्रधान ने कहा कि आसंगी नीचे टोला की यह सड़क कई वर्षों से जर्जर स्थिति में थी। बरसात के दौरान कीचड़ और जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि वार्ड का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। यदि सड़क निर्माण कार्य समय से पहले पूरा हो जाता है तो इस बरसात में ही स्थानीय लोगों को राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में वार्ड की पेयजल, नाली और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
कार्यक्रम में पितोवास प्रधान, अश्वनी प्रधान, सपन प्रधान, लखन हासदा, उप प्रमुख लखन प्रधान, बुदेश्वर मारडी, गोपाल प्रधान, उत्तम प्रधान, अनिल महतो, पंचू प्रधान, प्रमिला प्रधान, सुनिला प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं महिला ग्रामीणों में बेलो देवी, रेखा देवी, कल्पना प्रधान, बेला देवी, शान्तना देवी, ममता देवी, पिंकी देवी, रजनी देवी और डाइसी कुजूर देवी समेत कई लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की कि वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य विकास कार्यों की रफ्तार इसी प्रकार जारी रखी जाए, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

















