Jamshedpur : घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी और सब्जी विक्रेता संतोष कुमार मिश्रा की चार माह की गंभीर रूप से बीमार पुत्री विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के प्रयासों से संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार, जन्म के कुछ ही दिनों बाद विहा मिश्रा को मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम और राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ा। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंबई के एक अस्पताल में ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी। अब तक परिवार इलाज पर करीब 14 लाख रुपये खर्च कर चुका है, जबकि दूसरी सर्जरी के लिए लगभग पांच लाख रुपये की अतिरिक्त आवश्यकता है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे संतोष कुमार मिश्रा ने अपनी पुत्री के उपचार के लिए विधायक पूर्णिमा साहू से सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक की अनुशंसा पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने 24 जून को विहा मिश्रा के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत कर परिवार को चेक उपलब्ध कराया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मासूम विहा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का प्रयास जारी रहेगा।








