Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल में बच्चा चोर की फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। गुरुवार को ईचागढ़ और चौका थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मिलन चौक सहित कई जगहों पर थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में पोस्टर चिपकाकर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को बच्चा चोर मान लेना और उसके साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है, जिससे निर्दोष लोगों को नुकसान हो सकता है।
वहीं चौका थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में चौक-चौराहों पर प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत Emergency Response Support System 112 (डायल 112) या नजदीकी थाना को सूचना दें। साथ ही भीड़ का हिस्सा बनने से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही गई।
प्रशासन ने बताया कि बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अफवाहों के कारण होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।











