एक परमिट पर तीन बसें! चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर बस संचालकों की मनमानी

SHARE:

Seraikela : चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर यात्री परिवहन नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ‘मां रोहिणी’ और ‘साई रथ’ बसों के संचालक एक ही परमिट पर तीन-तीन बसें चला रहे हैं, जिससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि स्थानीय छोटे वाहन चालकों की आजीविका पर भी संकट गहरा गया है।

मैक्सी-टैक्सी संघ सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष प्रेम मार्डी ने आरोप लगाया कि बस संचालक मनमानी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग न केवल अवैध रूप से बसों का संचालन कर रहे हैं, बल्कि मैजिक और टैक्सी चालकों के साथ बदसलूकी भी करते हैं। यात्रियों को डरा-धमकाकर बसों में बैठाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

संघ के मुताबिक, जमशेदपुर के बिष्टुपुर जैसे व्यस्त इलाकों में छोटे वाहनों को खड़ा तक नहीं होने दिया जाता, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। यह स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और छोटे वाहन चालक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

इस मुद्दे को लेकर शनिवार को संघ की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से बस संचालकों की इस मनमानी के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर बिना वैध परमिट के चल रही बसों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाता, तो वे अपने परिवारों के साथ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से छोटे वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

Leave a Comment