Jamshedpur: केंद्रीय भ्रष्टाचार निरोधक जांच ब्यूरो (CACIB) की झारखंड राज्य समिति एवं जमशेदपुर महानगर समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम निर्मल भवन गेस्ट हाउस, सीएच एरिया, जमशेदपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के चेयरमैन सह संस्थापक अजीत कुमार सिंह तथा केंद्रीय प्रशासनिक निदेशक बाबूलाल नाग ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में संगठन के विस्तार, जनसेवा गतिविधियों को सशक्त बनाने तथा भ्रष्टाचार एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संगठन द्वारा जारी आधिकारिक पत्र (Ref. No. CACIB/28/2026) के तहत झारखंड प्रदेश एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई।
नियुक्त पदाधिकारियों में भास्कर मुखी को झारखंड प्रदेश का मुख्य सचिव, रविन्द्र कलता, जयदेव सोना, राजेश किस्कु, सिद्धार्थ सोरेन, डोमन माझी एवं विकास कुमार पांडेय को पूर्वी सिंहभूम का जिला अधिकारी तथा सत्यनारायण बाग को जमशेदपुर महानगर का प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भ्रष्टाचार उन्मूलन, जनहित संरक्षण, सामाजिक न्याय तथा अपराध-मुक्त समाज के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर अजीत कुमार सिंह एवं बाबूलाल नाग ने कहा कि केंद्रीय भ्रष्टाचार निरोधक जांच ब्यूरो देशभर में भ्रष्टाचार, अपराध तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जन-जागरण और सहयोगात्मक अभियान चलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग एवं अन्य नागरिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर समाज में पारदर्शिता, न्याय, उत्तरदायित्व और सुशासन को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में शशिभूषण मुखी (जिला प्रमुख), के.के. मिश्रा, राजेश कुमार, बृजमोहन सिंह, संतोष रेड्डी, विवेक कुमार, संजय कुमार शर्मा, विजय कुमार शर्मा, विकास कुमार शर्मा, कल्याणी शारदा, पद्मिनी शारदा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, जिला पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण एवं भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पारदर्शिता, न्याय, उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों और सुशासन पर आधारित समाज की स्थापना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है।









