मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर बीएलओ एवं वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण, 30 जून से घर-घर होगा सत्यापन अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत सोमवार को रवींद्र भवन सभागार में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) एवं मतदाता सहयोग के लिए नामित वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का निरीक्षण उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं वॉलंटियर्स को निष्ठा, पारदर्शिता और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

राजीव रंजन ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वॉलंटियर्स को संबंधित बीएलओ के साथ टैग किया गया है। 30 जून से 29 जुलाई तक वॉलंटियर्स, बीएलओ के साथ मिलकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अनट्रेस्ड मतदाताओं की पहचान एवं सत्यापन का कार्य करेंगे। इसके अलावा वे घर-घर जाकर मतदाताओं को आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी देंगे तथा पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक, प्रवासी श्रमिक या अन्य योग्य मतदाता को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वॉलंटियर्स इसकी सूचना संबंधित बीएलओ, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी तक पहुंचाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार व्यक्तियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों एवं अन्य संवेदनशील मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदाता सूची सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने भी प्रशिक्षणार्थियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए जिम्मेदारी, दक्षता और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं वॉलंटियर्स से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने की अपील की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.