Jamshedpur : भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जारी बयान में दिनेश कुमार ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में एक युवक को पुलिस वाहन से उतारकर उस पर चाकू से हमला किया जाना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि यदि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, तो अपराधियों को रोकने और तत्काल गिरफ्तार करने में विफलता पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच पूरी होने से पहले भाजपा नेता नीरज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना भी कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रताड़ित करना न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
दिनेश कुमार ने राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन से मांग की कि चाकूबाजी की घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, घटना में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा घटना के दौरान पुलिस की भूमिका और संभावित लापरवाही की भी जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नीरज सिंह के विरुद्ध दर्ज मामले की निष्पक्ष समीक्षा की भी मांग की।
भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड में कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण और निर्दोषों को प्रताड़ित करने की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में पुलिस की प्राथमिकता केवल ट्रैफिक जांच तक सीमित होती दिखाई दे रही है, जबकि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। यदि समय रहते प्रभावी और कठोर कदम नहीं उठाए गए तो शहर की कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।









