खरसावां में BLBC बैठक आयोजित, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : प्रखंड सभागार, खरसावां में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (BLBC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एलडीएम श्री वरुण चौधरी ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री प्रधान मांझी उपस्थित रहे।

बैठक में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, आमजन को सुलभ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एलडीएम ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करें।

रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया गया। साथ ही पात्र लाभुकों को समय पर लाभ पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए सक्रिय पहल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत लाभ सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से पारंपरिक कारीगरों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.