Jamshedpur : जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर, उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में तथा रांची में आंदोलनरत अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पर आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने की।
साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से जिला उपायुक्त कार्यालय तक निकाले गए आक्रोश मार्च में बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती घोटालों और अनियमितताओं की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई। साथ ही पेपर लीक में संलिप्त आरोपियों, बिचौलियों और अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, भर्ती प्रक्रिया को तकनीक आधारित एवं पारदर्शी बनाने, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामलों का शीघ्र निस्तारण, 14वीं जेपीएससी मामले की सीबीआई जांच, संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तथा लंबित नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी शामिल रही।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार रोजगार और भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और भाजपा युवाओं के हितों की लड़ाई जारी रखेगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने कहा कि यह केवल भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं के भविष्य और प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, दुलाल भुइयां, कुलवंत सिंह बंटी, कुसुम पूर्ति, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, अखिल सिंह, अमित सिंह, किशोर ओझा, उज्ज्वल सिंह, राकेश दुबे, अमित अग्रवाल, अमिताभ सेनापति, शैलेश गुप्ता, प्रदीप मुखर्जी, धर्मेंद्र प्रसाद, मंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।

















