जेपीएससी में कथित अनियमितताओं के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस, 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय घेराव का आह्वान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशव्यापी आह्वान पर 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार के विरोध में मंगलवार को जमशेदपुर महानगर इकाई ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने किया।

मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। हाथों में मशाल लिए प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित पेपर लीक एवं परीक्षा में हुई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर नीतीश कुशवाहा ने कहा कि जेपीएससी में व्याप्त भ्रष्टाचार झारखंड के लाखों युवाओं के सपनों और भविष्य पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों की मेहनत के बावजूद यदि अभ्यर्थी भ्रष्ट व्यवस्था और अनियमितताओं का शिकार होते हैं, तो यह राज्य की भर्ती प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगा।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी बनाने की मांग की। साथ ही प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 22 जुलाई को रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय घेराव में बड़ी संख्या में शामिल होकर युवाओं के अधिकारों और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के समर्थन में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

मशाल जुलूस में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, शैलेश गुप्ता, अमिताभ सेनापति, चंदन चौबे, श्वेता कुमारी, चिंटू सिंह, सुधीर तिवारी, अमित मिश्रा, आनंद कुमार, पवन सिंह, मनोज सिंह, अशोक मिश्रा, अनमोल वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.