विजय गार्डन के पास सड़क हादसे में भाजपा कार्यकर्ता की मौत, ट्रक चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

Jamshedpur : शहर के बारीडीह स्थित विजय गार्डन के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक डे की मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे उस समय हुआ, जब वे घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छड़ (लोहे की रॉड) से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अभिषेक डे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बिरसानगर थाना की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

इस घटना की जानकारी मिलने पर बिरसानगर के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू गोप ने गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि अभिषेक डे पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे और संगठन के हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।

अभिषेक डे पेशे से केटरिंग का काम करते थे और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।

बबलू गोप ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है। उनका कहना है कि अभिषेक ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। देर रात भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और लापरवाही भरी ड्राइविंग आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन के लिए सख्त कार्रवाई और बेहतर निगरानी अब बेहद जरूरी हो गई है।

Leave a Comment