Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू टीएमएच अस्पताल पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से विधायक के स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
आदित्य साहू ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि पूर्णिमा साहू जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हों। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना की।
उल्लेखनीय है कि विधायक पूर्णिमा साहू की सोमवार रात्रि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और वे पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हैं।
इससे पूर्व मंगलवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं उनके ससुर रघुवर दास भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान चुके हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी विधायक के जल्द स्वस्थ होकर जनसेवा के कार्यों में लौटने की कामना की है।
इस अवसर पर भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।फोटो कैप्शन:
टीएमएच अस्पताल में भर्ती जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू का कुशलक्षेम जानने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू तथा अन्य भाजपा नेता।








