मुहर्रम से पहले उत्पाद विभाग का बड़ा अभियान, 134 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मुहर्रम पर्व को लेकर अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर की गई।

छापेमारी अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हार पाड़ा एवं स्लैग रोड के साथ-साथ बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट और हरिजन बस्ती में उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न बिक्री केंद्रों से करीब 27.75 लीटर अवैध विदेशी शराब तथा 106.5 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। इस प्रकार कुल 134.25 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ट्यूब गेट हरिजन बस्ती से सुशांत मुखी को गिरफ्तार किया गया। उसके बिक्री केंद्र से 7.5 लीटर विदेशी शराब एवं 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अन्य अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध भी झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की छापेमारी और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

मुहर्रम जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें