भाजपा की संयुक्त संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तिकरण पर जोर, 1 से 16 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुरझारखंड भाजपा के निर्देशानुसार गुरुवार को भालूबासा स्थित शीतला भवन सभागार में कोल्हान प्रमंडल के अंतर्गत जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले की संयुक्त संगठनात्मक मंडल प्रवासी कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), जनसंपर्क अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों संगठनात्मक जिलों के छह विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद तथा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पार्टी के पितृपुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त से 16 अगस्त तक प्रत्येक बूथ पर विशेष संगठनात्मक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान मंडल प्रभारी एवं मंडल प्रवासी बूथों पर प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे, बूथ समितियों को सक्रिय करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उनका पुनर्गठन भी किया जाएगा। साथ ही दोनों संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठक कर आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बूथ सशक्तिकरण को भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बताते हुए कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” केवल नारा नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यपद्धति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संपर्क, समन्वय और संवाद को संगठन का मूल मंत्र बनाते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व देश में नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर जनहित के मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सतर्कता बरतने और पात्र मतदाताओं को हरसंभव सहयोग देने की अपील की। वहीं, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि बूथों की नियमित समीक्षा, समितियों का सतत निरीक्षण और कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क ही संगठन की वास्तविक ताकत है।

बैठक में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, दिनेश कुमार, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.