जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के सिद्धू-कान्हू चौक के समीप गुरुवार को माल से लदा एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रेलर चालक दिनेश यादव ने बताया कि वह टिनप्लेट कंपनी से माल लेकर बाहर जा रहे थे। इसी दौरान सिद्धू-कान्हू चौक के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से पलटे ट्रेलर को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई। कुछ समय बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो गया।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
















