आदित्यपुर में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, पुलिस के सामने मारपीट का आरोप, सीसीटीवी में कैद वारदात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमालपुर सतबहनी में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भाजपा नेता अशोक सिंह पर जमीन माफियाओं द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है, जिसमें अशोक सिंह को लाठी-डंडे और लोहे के हथियारों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

पीड़ित भाजपा नेता अशोक सिंह का आरोप है कि अभिमन्यु सिंह उर्फ मन्नू, बृजनंदन सिंह उर्फ पंकज तथा उनके अन्य सहयोगियों ने उन्हें फोन कर घर के नीचे बुलाया और वहां पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन और पर्स में रखे ₹15,000 नकद भी छीन लिए गए।

अशोक सिंह ने बताया कि हमले के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वे पुनः थाना पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने दावा किया कि घटना के वक्त 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया था, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद भी हमलावरों ने उन पर प्रहार जारी रखा। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

भाजपा नेता के अनुसार, उन्होंने करीब नौ वर्ष पूर्व उक्त जमीन को विधिवत खरीदा था, लेकिन जमीन माफिया लंबे समय से उस पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उन्हें निशाना बनाया गया और जान से मारने की नीयत से हमला किया गया।

इस संबंध में आदित्यपुर थाना से संपर्क करने पर पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आ सका है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.