गम्हरिया में टाटा स्टील की स्ट्रेट बार मिल बंद, कर्मचारियों का फूटा आक्रोश, गेट पर प्रदर्शन

SHARE:

Adityapur : औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया में स्थित टाटा स्टील की स्ट्रेट बार मिल (पूर्व में उषा मार्टिन) को अचानक बंद किए जाने से श्रमिकों में भारी असंतोष फैल गया है। मिल के बंद होने की खबर मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने कंपनी के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि प्लांट को बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दिया गया, जिससे वे पूरी तरह असमंजस की स्थिति में हैं। श्रमिकों का कहना है कि उनका बकाया वेतन और अन्य वैधानिक सुविधाओं का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है, जिससे उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

श्रमिकों ने बताया कि जब टाटा स्टील द्वारा उषा मार्टिन के इस प्लांट का अधिग्रहण किया गया था, तब प्रबंधन की ओर से यह भरोसा दिलाया गया था कि प्लांट का संचालन जारी रहेगा और किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। वर्तमान में यह इकाई वेंडर कंपनी आरके एंटरप्राइजेज के माध्यम से संचालित हो रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर कार्यरत थे। बीते कुछ दिनों से प्लांट में गतिविधियां ठप होने की घोषणा के बाद से ही कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही थी।

बुधवार को प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने “अन्याय नहीं सहेंगे” जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश जाहिर किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टाटा स्टील के मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी श्रमिकों तथा उनके प्रतिनिधियों से प्राथमिक स्तर पर बातचीत की। प्रबंधन की ओर से बकाया भुगतान और श्रमिकों के भविष्य को लेकर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन कर्मचारी किसी ठोस और लिखित निर्णय की मांग पर अड़े हुए हैं।

Leave a Comment