भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया की भूमिका पर दिया जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कार्यालय में रविवार को जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया प्रभारियों तथा सोशल मीडिया एवं आईटी सेल के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी भी बैठक में मौजूद रहे।

संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर चर्चा

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, जनसंपर्क अभियान तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

दिनेश कुमार का हुआ सम्मान

बैठक के दौरान पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंच से सोशल मीडिया के प्रभावी संचालन और संगठनात्मक गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए दिनेश कुमार का विशेष रूप से नाम लेकर प्रशंसा की। राष्ट्रीय नेतृत्व से मिली इस सराहना को कार्यकर्ताओं ने प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक बताया।

विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

बैठक के अंत में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क विस्तार और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के जरिए पार्टी की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.