हजारीबाग घटना के विरोध में 3 अप्रैल को झारखंड बंद का समर्थन करेगी भाजपा : नंदजी प्रसाद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हजारीबाग में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुःखद एवं शर्मनाक है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।

उन्होंने कहा कि विष्णुगढ़ क्षेत्र में हुई इस दरिंदगी के खिलाफ पूरे राज्य में आक्रोश व्याप्त है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 3 अप्रैल को प्रस्तावित झारखंड बंद का समर्थन करते हुए जमशेदपुर में भी भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और बंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

श्री प्रसाद ने मांग की कि मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा मामले में स्वतः संज्ञान लिया जाना स्वागतयोग्य कदम है।

उन्होंने जमशेदपुर की जनता से अपील की कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रश्न पर समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की मांग करनी चाहिए।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई ही न्याय का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें