Jamshedpur : भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल जनजागरण पदयात्रा निकाली गई। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पदयात्रा साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आमबागान) से शुरू हुई। यह बंगाल क्लब गोलचक्कर और बड़ा गोलचक्कर होते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।
पदयात्रा से पूर्व आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर चुनाव आयोग, ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र संविधान पर आधारित है और जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति पर भरोसा करती है।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश संविधान और लोकतंत्र से चलेगा, वंशवादी राजनीति से नहीं। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष अवैध घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटने की आशंका के कारण इसका विरोध कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाने और आपातकाल लगाने का आरोप लगाया।
सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, धनबाद विधायक राज सिन्हा और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि विपक्ष को वास्तविक मतदाताओं पर भरोसा नहीं है और वह मतदाता सूची में गड़बड़ियों को बनाए रखना चाहता है।
स्वागत भाषण में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा विपक्ष के कथित भ्रामक एजेंडे को जनता के बीच उजागर करती रहेगी। उन्होंने अभियान के माध्यम से लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता फैलाने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने किया।

















