Manoharpur : नंदपुर मैदान में आयोजित तीन दिवसीय स्व. हरीश चंद्र दास मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी और जिला परिषद सदस्य (भाग-1) जयप्रकाश महतो शामिल हुए। आयोजकों ने फूल-माला पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सांसद और जिप सदस्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राउरकेला शिव शक्ति टीम और जाते एकादश के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें राउरकेला शिव शक्ति टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
सांसद जोबा मांझी ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी अलग से पुरस्कृत किया गया।
खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा मांझी ने कहा कि खेल से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में बेहतर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खेल मैदान के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सांसद ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल तथा पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। समारोह में बोदे खलखो, किशोर कुमार खलखो, कृष्णा सुरीन, भोला दास सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और सैकड़ों दर्शक उपस्थित रहे।
















