आदित्यपुर में 3.78 करोड़ की लागत से बनेंगे दो वेंडिंग जोन, 100 से अधिक दुकानदारों को मिलेगा व्यवस्थित ठिकाना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : सड़क किनारे धूप और बारिश में ठेला-खोमचा लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले फुटपाथ दुकानदारों के लिए राहत भरी खबर है। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 और 20 में कुल 3 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से दो व्यवस्थित वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।

गुरुवार को नगर निगम के मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, वार्ड संख्या 13 के पार्षद शांतनु घोष तथा वार्ड संख्या 20 के पूर्व पार्षद सह पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर दोनों योजनाओं का शिलान्यास किया।

वार्ड 13 में 78 लाख और वार्ड 20 में तीन करोड़ होंगे खर्च

योजना के तहत वार्ड संख्या 13 में आशियाना मोड़ के समीप 12 डिसमिल जमीन पर लगभग 78 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग मार्केट तैयार किया जाएगा। वहीं, वार्ड संख्या 20 में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से एक एकड़ जमीन पर भव्य वेंडिंग मार्केट का निर्माण होगा। यहां 100 से अधिक दुकानें बनाई जाएंगी।

दुकानदारों और ग्राहकों की सुविधा के लिए परिसर में दो आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारदीवारी का भी निर्माण कराया जाएगा।

वर्षों से दुकान लगा रहे स्थानीय वेंडरों को मिलेगी प्राथमिकता : मेयर

शिलान्यास के अवसर पर मेयर संजय सरदार ने कहा कि यह योजना मुख्य सड़क किनारे अपनी रोजी-रोटी चलाने वाले गरीब दुकानदारों को सम्मान और स्थायित्व प्रदान करने के उद्देश्य से लाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो दुकानदार वर्षों से फुटपाथ पर दुकान लगा रहे हैं, उन्हें आवंटन में पहली प्राथमिकता दी जाएगी।

जमीन से जुड़े विवाद की आशंकाओं को खारिज करते हुए मेयर ने बताया कि इसके लिए अंचल अधिकारी द्वारा गैर-मजरूआ जमीन उपलब्ध कराई गई है। इसलिए निर्माण कार्य में कोई प्रशासनिक अड़चन नहीं आएगी। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में 500 अन्य दुकानों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

वेंडिंग जोन बनने से अतिक्रमण और जाम की समस्या होगी कम : डिप्टी मेयर

डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि सड़क किनारे ठेला लगाने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के दौरान अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वेंडिंग जोन बनने के बाद उन्हें एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इससे दुकानदारों को उजाड़े जाने के डर से राहत मिलेगी। साथ ही मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या कम होगी और आम लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.