Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित पानी टंकी पंप हाउस परिसर में वर्षों से फैली गंदगी और झाड़-झंखाड़ की समस्या को देखते हुए पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से सफाई अभियान की शुरुआत कराई। इस पहल से स्थानीय लोगों और पंप हाउस में कार्यरत कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।
सफाई अभियान में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, कुमार विशाल तथा पंप हाउस के ऑपरेटर राम सिंह ने भी सहयोग किया। सभी ने मिलकर परिसर को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से पंप हाउस परिसर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वहां घनी झाड़ियां और छोटे-बड़े पेड़ उग आए थे। इससे सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था। पंप हाउस में कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों द्वारा कई बार सफाई की मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर झरना मिश्रा ने स्वयं पहल करते हुए अपने निजी खर्च पर मजदूर लगाकर सफाई कार्य शुरू कराया। अभियान के तहत झाड़ियों, पेड़-पौधों और कचरे को हटाकर पूरे परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा रहा है।
सफाई अभियान शुरू होने के बाद स्थानीय नागरिकों और पंप हाउस कर्मियों ने झरना मिश्रा की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि यह कार्य काफी पहले हो जाना चाहिए था और जनप्रतिनिधि द्वारा निजी स्तर पर किया गया यह प्रयास समाजसेवा का सराहनीय उदाहरण है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पंप हाउस परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु रहे और परिसर स्वच्छ एवं सुरक्षित बना रहे।

















