Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के कुंवर सिंह मैदान स्थित रोड नंबर-3 पर पाइपलाइन इंटर कनेक्शन कार्य के बाद कई दिनों से छोड़े गए गड्ढे को बुधवार को संवेदक द्वारा जेसीबी और मजदूरों की सहायता से भरकर समतल कर दिया गया। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने मंगलवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर गड्ढे को तत्काल भरवाने तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद कार्यपालक अभियंता और कनीय अभियंता के निर्देश पर संवेदक ने सड़क को समतल कराने का कार्य पूरा कराया।
गौरतलब है कि डीएमएफटी मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से क्षेत्र में पाइपलाइन इंटर कनेक्शन का कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से पिछले करीब 15 वर्षों से नियमित जलापूर्ति से वंचित घरों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
हालांकि पाइपलाइन कार्य के बाद मुख्य सड़क पर गड्ढा छोड़ दिए जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी और लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गड्ढा भरने के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत व्यक्त करते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर सुनील गुप्ता ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे केवल वादों में नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को पूरा कराने में विश्वास रखते हैं और आगे भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
















