Adityapur : ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन (एआईएमएसएस) की सरायकेला-खरसावाँ जिला समिति ने सर्वजन सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लंबित पेंशन भुगतान की मांग को लेकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि जिले की विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों की अनेक पात्र वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग महिलाओं को लंबे समय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान नहीं मिल रहा है। पेंशन समय पर नहीं मिलने के कारण लाभुकों को भोजन, दवा तथा अन्य आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने कहा कि यह पेंशन इन महिलाओं के लिए जीवन-यापन का प्रमुख आर्थिक सहारा है।
एआईएमएसएस ने उपायुक्त से आग्रह किया कि संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर सभी पात्र लाभार्थियों की लंबित पेंशन राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को राहत मिल सके और वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन-यापन कर सकें।
संगठन ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन इस जनहित से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई करेगा।









