Jamshedpur : वीर सिद्धू-कान्हू मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, भाटीन की ओर से आयोजित 46वें फुटबॉल महाकुंभ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के विजेताओं को जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता बाघराय मार्डी ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
भाटीन पंचायत फुटबॉल मैदान में आयोजित फुटबॉल महाकुंभ के फाइनल मुकाबले में एसबी जादूगोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता एसटीएस गोपालपुर की टीम को 17 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। वहीं थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वीर सिद्धू-कान्हू मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी के डी.सी. टुडू, शक्ति माझी, मोदना मुर्मू, खेला राम हेंब्रम, भोगना हेंब्रम, दारा सिंह सोरेन, श्याम दास हेंब्रम, मोहन सोरेन, जीतेन मुंडा, शिव मुर्मू, भादो सोरेन, चैतन हांसदा एवं मिहिर मुंडा सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









