आदित्यपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर अवैध कब्जा, सब्जी बाजार और कचरे से मरीज परेशान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 20 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं महिला प्रसव केंद्र इन दिनों अव्यवस्था और अवैध कब्जे की समस्या से जूझ रहा है। अस्पताल परिसर और उसके आसपास सब्जी विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण ने मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर दी है।

बताया जा रहा है कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अस्पताल के चारों ओर सब्जी दुकानों का फैलाव हो गया है, जिससे आने-जाने के रास्ते बाधित हो रहे हैं। यह केंद्र 24 घंटे संचालित महिला प्रसव सेवा और टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान करता है, ऐसे में अव्यवस्था का असर सीधे स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल के मुख्य द्वार के पास देखने को मिल रही है, जहां कचरे का ढेर लगाकर डंपिंग यार्ड जैसा बना दिया गया है। इससे न केवल दुर्गंध फैल रही है, बल्कि संक्रमण और महामारी का खतरा भी बढ़ गया है।

अस्पताल कर्मियों के अनुसार, सब्जी विक्रेताओं द्वारा अवैध पार्किंग और कचरा फेंकने की समस्या लगातार बनी हुई है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को अस्पताल तक पहुंचने में भी कठिनाई होती है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब अतिक्रमण हटाने की बात कही जाती है, तो कुछ विक्रेता उल्टे धमकी और दबाव बनाने लगते हैं।

इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम और आदित्यपुर थाना में कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि अस्पताल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें तथा अस्पताल का वातावरण स्वच्छ और व्यवस्थित बन सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें