
साहिबगंज: आगामी 20 और 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में स्थानीय स्कूली बच्चों को शामिल करने को लेकर बुधवार को चयन प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान विद्यालय में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में शहर के यमुनादास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय पोखरिया, जवाहर नवोदय विद्यालय, पीएम श्री नगरपालिका कन्या उच्च विद्यालय, शिबूसोरेन जनजातीय महाविद्यालय, पब्लिक उच्च विद्यालय, रेलवे स्कूल, राजस्थान उच्च विद्यालय, राजस्थान मध्य विद्यालय, एनआरपी सेंटर सहित अन्य विद्यालयों के 69 बाल कवियों ने भाग लिया। जहां सभी बाल कवियों के द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई जिसमें सबसे बेहतर लेखन व वाचन करने वाले बाल कवियों का चयन किया गया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में जिले के लब्ध प्राप्त कवि अनिरुद्ध प्रभाष, मंच के महासचिव सह कार्यक्रम संयोजक सुधीर श्रीवास्तव एवं आनंद मोदी ने भूमिका अदा की। वही इसकी जानकारी देते हुए मंच के अध्यक्ष गोपाल श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुति के आधार पर चयन किया जाएगा और चयनित बाल कवियों को 20 और 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त होगा। आगे अध्यक्ष ने बताया कि बाल कवियों के लिए इस वर्ष एक विशेष पुरस्कार की घोषणा की गई है जहां यह पुरस्कार मंच के सचिव अभय पाण्डेय वशिष्ठ (नागपूर) के सौजन्य से दिया जाएगा। वही जिले के श्रेष्ठ बाल कवि को निर्मला देवी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा जिसमें स्मृति चिन्ह तथा प्रमाण पत्र के अलावा नगद राशि भी होगी। उधर आयोजन समिति सदस्य रीमा सिंह ने बताया कि यह पहला अवसर है जब वो इस प्रकार के कार्यक्रम का हिस्सा बन रही है। आगे उन्होंने कहा कि साहित्य की दुनिया मंच का स्थानीय साहित्यिक प्रतिभा को स्थापित करने का प्रयास काफी प्रशंसनीय है। जहां इस प्रकार का अवसर देने से बच्चों की प्रतिभाओं में और निखार आएगी। इस अवसर पर राजस्थान मध्य विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना कुमारी, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय पोखरिया के मनोहर शर्मा के अलावा शिक्षिका रेखा कुमारी, सृष्टि कुमारी, राजीव कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।









