लोकतंत्र की खूबसूरती महिलाओं की समान भागीदारी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में निहित है : विद्युत वरण महतो

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती तभी दिखाई देती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता प्राप्त हो।

सांसद ने कहा कि संविधान में सामाजिक न्याय की परिकल्पना की गई है। इसका अर्थ है कि समाज की आधी आबादी यानी महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में बराबरी का अवसर मिलना चाहिए। अभिव्यक्ति की आजादी, समानता और न्याय हमारे संवैधानिक लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं।

उन्होंने संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके ऐतिहासिक योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला और कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना चाहिए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग भी संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। इसी संविधान के तहत देश और उसके नागरिक सुरक्षित हैं।

विश्वविद्यालय की कुलपति ईला कुमार ने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर एवं सरदार वल्लभभाई पटेल को स्मरण करते हुए कहा कि देश का एकीकरण और लगभग 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि थी। आज देश की एकता और अखंडता संवैधानिक व्यवस्था के तहत सुरक्षित है।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि कुछ लोग देश की संप्रभुता और अखंडता की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और उसके प्रावधानों को समझना आवश्यक है, ताकि कोई भी व्यक्ति भ्रम फैलाकर इसका दुरुपयोग न कर सके।

इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो सहित अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियां हासिल करने वाली विश्वविद्यालय की चार छात्राओं को सम्मानित किया। अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियों की प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियां महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल हैं।

कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव सत्य तिवारी, राजन सिंह, दिनेश कुमार, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, अमरजीत सिंह राजा, विनोद सिंह, संजीव कुमार, कुमार अभिषेक, विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार सलोनी कुजूर सहित छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें