Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को मानगो चौक पर असंगठित मजदूरों के बीच संविधान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो एवं जोबा रानी बास्के ने मजदूरों को संविधान दिवस के महत्व और भारतीय संविधान के निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पीएलवी ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों को बताया गया कि संविधान दिवस मनाने का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों के बीच न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों का प्रसार करना है। इसके साथ ही लोगों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
पीएलवी ने संविधान निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों और प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. आंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इससे पहले इस दिन को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था।
मौके पर उपस्थित मजदूरों को बताया गया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, शिक्षा, रोजगार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार की गारंटी देता है। इसलिए हर नागरिक को संविधान की जानकारी रखनी चाहिए और उसके आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।

















