Potka : पूर्वी सिंहभूम जिले में कुष्ठ रोग खोज अभियान और ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) अभियान की गतिविधियों के अनुश्रवण एवं सहयोग के लिए सेंट्रल लेप्रोसी ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, चेन्नई के डॉ. होस्सानान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पोटका का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध कुष्ठ रोगियों की जांच की और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
चेन्नई से आई केंद्रीय टीम के डॉ. होस्सानान, डेमियन फाउंडेशन के राज्य समन्वयक डॉ. गौतम कुमार और जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो का पोटका सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने स्वागत किया।
सीएचसी में जांच के दौरान तीन कुष्ठ मरीजों की पहचान की गई और उन्हें एमडीटी की दवा दी गई। इसके बाद टीम ने जुड़ी गांव का दौरा किया। यहां सहिया कार्यकर्ताओं द्वारा कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत चिह्नित किए गए संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।
डॉ. होस्सानान ने लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि बीमारी की जल्द पहचान और समय पर उपचार कराने से दिव्यांगता से बचा जा सकता है। उन्होंने सहिया कार्यकर्ताओं से कुष्ठ रोग खोज अभियान की प्रगति, प्रोत्साहन राशि तथा कुष्ठ मरीजों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने टीम को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे तत्पर है।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, प्रखंड लेखा प्रबंधक मनोज कुमार, एमपीडब्ल्यू उपेन्द्रनाथ मोदिना और फार्मासिस्ट धर्मराज महतो उपस्थित थे।

















