Jamshedpur : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूजा समितियों की समस्याओं और सुझावों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जुस्को, अग्निशमन विभाग और केंद्रीय दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपायुक्त ने नगर निकायों को दशहरा से पहले सफाईकर्मियों के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्तों और प्रमुख सड़कों की मरम्मत, डिवाइडरों की दुरुस्ती, नियमित सफाई तथा सड़कों पर लटकती पेड़ों की डालियों की छंटाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा नो-इंट्री व्यवस्था प्रभावी बनाने और पूजा पंडालों के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकतानुसार नाव, गोताखोर और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट लगाने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच करने तथा पूजा समितियों के सदस्यों को इन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यथासंभव कम वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की है। छोटे बच्चों के साथ पंडाल घूमने वाले अभिभावकों से बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन ने किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने और सोशल मीडिया पर अफवाहों अथवा अपुष्ट संदेशों को साझा नहीं करने की अपील की। नशे की हालत में पूजा पंडालों में जाने, तेज गति से वाहन चलाने, बाइक से करतब दिखाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और बेतरतीब पार्किंग करने से बचने की चेतावनी दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, आवासीय कॉलोनियों और अस्पतालों के आसपास पटाखे नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही धार्मिक और सामाजिक भावनाओं का सम्मान करने, कीमती सामान के प्रति सतर्क रहने और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते खुले रखने का आग्रह किया गया है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें और पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।















