भाजपा जमशेदपुर महानगर की मासिक बैठक में संगठन सशक्तीकरण और सेवा संकल्प अभियान पर मंथन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

पांचवीं बार ‘संसद रत्न’ सम्मान मिलने पर सांसद विद्युत वरण महतो का हुआ अभिनंदन

Jamshedpur  : भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता और पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान, बूथ सशक्तीकरण, एसआईआर फेज-2, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत भाजपा के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करने तथा सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गान के साथ हुई।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने स्वागत संबोधन में पिछले दिनों आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा संगठन की शक्ति समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन में निहित है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि मासिक संगठनात्मक बैठक पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना तैयार करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, मोबाइल फोन उत्पादन, रक्षा उत्पादन, डिजिटल लेनदेन, रेलवे विद्युतीकरण, सेमीकंडक्टर निर्माण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा का सहभागी है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रत्येक घर में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभवों का संकलन किया जाएगा। प्रत्येक मंडल समिति की ओर से एक महत्वपूर्ण सेवा कार्य अथवा रचनात्मक प्रकल्प भी संचालित किया जाएगा।

डॉ. गोस्वामी ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्रों की सहिया एवं सहायिका दीदियों का सम्मान तथा विभिन्न मोहल्लों में सेवा ज्योति यात्रा जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

एसआईआर फेज-2 और बूथ सशक्तीकरण पर चर्चा

प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने संगठनात्मक अनुशासन, नियमित जनसंपर्क और बूथ सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं में है।

प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने एसआईआर फेज-2 और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ को संगठन की मजबूत इकाई बनाने तथा मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में गंभीरता और सजगता के साथ भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने महानगर के विभिन्न मंडलों एवं बूथों में हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की और प्रगति का रिपोर्ट कार्ड लिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

पांचवीं बार ‘संसद रत्न’ मिलने पर सांसद विद्युत महतो का अभिनंदन

बैठक के दौरान जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो को लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से अभिनंदन किया गया। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सांसद को अंगवस्त्र भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी।

सांसद विद्युत वरण महतो ने इस सम्मान के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और जमशेदपुर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘संसद रत्न’ सम्मान लौहनगरी की जनता के विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, राजन सिंह, जटाशंकर पांडेय, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति सहित जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के प्रभारी, प्रवासी एवं मंडल अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें