Jamshedpur : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनजातीय समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों, UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, उनके कल्याण से संबंधित योजनाओं तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
यूरेनियम प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थल निरीक्षण
इससे पूर्व आयोग के आठ सदस्यीय दल ने डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के मेचुआ, इचरा सहित आसपास के गांवों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान आयोग के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों के रोजगार एवं उचित मुआवजे तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। आयोग ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जनजातीय कर्मचारियों की पदोन्नति और आवास का मुद्दा उठा
समीक्षा बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न सेवा मामलों पर भी चर्चा हुई। इनमें रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं।
डॉ. आशा लकड़ा ने जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने UCIL के CMD एवं वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि जनजातीय समुदाय और कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मामलों पर प्रभावी एवं सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
15 दिनों में कार्यवाही रिपोर्ट देने का निर्देश
आयोग की सदस्य ने UCIL अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों के अनुपालन से संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से जनजातीय समुदाय से जुड़े विकास, कल्याण और सेवा संबंधी लंबित मामलों के त्वरित समाधान तथा आयोग के निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया।

















