Guwa: गुवा शहीद दिवस के अवसर पर जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गुवा स्थित शहीद स्थल पहुंचे। उन्होंने शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर गुवा गोलीकांड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान विधायक सोनाराम सिंकु ने शहीद स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे झारखंडवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
‘शहीदों का बलिदान झारखंड के संघर्ष का महत्वपूर्ण अध्याय’
विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि गुवा के वीर शहीदों का बलिदान झारखंड की संघर्षशील पहचान और जनअधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण अध्याय है। शहीदों के त्याग और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर शांति, विकास और सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने शहीद स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर गुवा के वीर शहीदों को नमन किया।

















