Manoharpur : मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत कोलपोटका पंचायत के प्रधानपाली से कुम्हारमुंडा स्थित कुम्हार टोला जाने वाली सड़क पर मंगता मिंज के खेत के समीप बनी पुलिया लंबे समय से जर्जर होकर क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिया की हालत इतनी खराब है कि इसके कभी भी धंसने की आशंका बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में हादसे को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया की स्थिति को देखते हुए कई लोग पैदल भी इसे पार करने से बच रहे हैं। वहीं, दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से आवागमन करने को मजबूर हैं। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
कोलपोटका पंचायत के पूर्व मुखिया जोलजश कुजूर ने बताया कि पुलिया पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और कभी भी धंस सकती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण सड़क पर नई पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही, नई पुलिया बनने तक आवागमन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था और सुरक्षा उपाय करने की भी अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और पुलिया की खराब स्थिति के कारण किसी अप्रिय घटना से पहले प्रशासन को तत्काल पहल करनी चाहिए।

















