साकची बंगाल क्लब में चार दिवसीय प्री-पूजा प्रदर्शनी शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :  महिलाओं द्वारा संचालित कोलकाता की प्रसिद्ध संस्था एनिग्मा के तत्वावधान में शनिवार को साकची स्थित बंगाल क्लब के प्रथम तल पर चार दिवसीय प्री-पूजा प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। प्रदर्शनी का उद्घाटन समाजसेवी पूर्वी घोष ने फीता काटकर किया। यह प्रदर्शनी 5 से 8 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी।

उद्घाटन के अवसर पर पूर्वी घोष ने एनिग्मा की ओर से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने की सराहना की। उन्होंने जमशेदपुर की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

जमशेदपुर में 16वीं बार आयोजित हो रही प्रदर्शनी

संस्था की प्रमुख एलिट्रा सिन्हा मुखर्जी ने बताया कि जमशेदपुर में एनिग्मा की ओर से यह प्रदर्शनी 16वीं बार आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने हुनर, उत्पाद और व्यवसाय को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।

30 से अधिक स्टॉल, साड़ी से लेकर आभूषण तक उपलब्ध

प्रदर्शनी में कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें महिलाओं के लिए साड़ियां, कुर्तियां, आभूषण सहित विभिन्न प्रकार के लेडीज कलेक्शन के साथ पुरुषों के परिधान भी शामिल हैं। इसके अलावा हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग के उत्पादों के कई स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में 30 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। शहरवासियों के लिए विभिन्न उत्पादों पर विशेष छूट और ऑफर्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

महिला उद्यमिता और हुनर को मिल रहा मंच

एनिग्मा की यह पहल महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके हुनर और रचनात्मकता को व्यापक मंच देने का प्रयास है। प्रदर्शनी के माध्यम से कोलकाता के कारीगरों और महिला उद्यमियों के उत्पादों को जमशेदपुर के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। प्री-पूजा खरीदारी के लिहाज से भी प्रदर्शनी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.