Jamshedpur : श्री श्री राम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर वासुदेव द्वारा उन्हें यमुना नदी पार कर गोकुल पहुंचाने तक की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे बच्चे बने आकर्षण
समारोह के दौरान संगीत एवं सोहर का भी आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान खींचा।
आयोजन स्थल पर बच्चों एवं माताओं के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया था, जहां लोगों ने उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में जन्माष्टमी समारोह का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में लीलावती, जयचंद, वीरेंद्र, उमेश राय, अमित, अजय, सुमित, निरंजन, ओमप्रकाश, अखिलेश सहित समिति के सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
श्री श्री राम मंदिर विकास समिति के सचिव सुशील पाण्डेय ने आयोजन की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सफल होते हैं।
















